तकनीकी कर्मचारी संघ के अल्टीमेटम को मंडी जिला का समर्थन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। हिमाचल प्रदेश तकनीकी कर्मचारी संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से बिजली बोर्ड प्रबंधन को दिए गए 10 दिन के अल्टीमेटम को जिला मंडी इकाई ने पूर्ण समर्थन देने का एलान किया है। जिला अध्यक्ष तनुज शर्मा और जिला सचिव प्रताप ठाकुर ने संयुक्त बयान में कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं हुईं तो मंडी जिले के सभी तकनीकी कर्मचारी 10 अगस्त के बाद काले बिल्ले लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कहा कि प्रदेश के करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त 2023 को आरएंडपी नियमों में संशोधन के बाद से आईटीआई और नॉन आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नतियां प्रभावित हुई हैं। पात्रता अवधि पूरी करने के बावजूद कर्मचारी वर्षों से एक ही पद पर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नॉन आईटीआई कर्मचारियों को 20 से 25 वर्ष की सेवा के बाद भी बिना पदोन्नति सेवानिवृत्त होना पड़ रहा है, जबकि आईटीआई कर्मचारियों की वरिष्ठता भी विभिन्न कार्यालयों में अलग-अलग समय पर पदोन्नति होने के कारण प्रभावित हो रही है। इससे वरिष्ठ कर्मचारी भी कनिष्ठ हो रहे हैं। संघ ने बरसात के मौसम में सभी तकनीकी कर्मचारियों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक कार्य करने की भी अपील की है।