बालीचौकी में कृषि बाजार नीति 2024 की प्रतियां जलाते सेब उत्पादक संघ के पदाधिकारी।
बालीचौकी (मंडी)। सेब उत्पादक संघ हिमाचल प्रदेश लोकल कमेटी बालीचौकी ने सोमवार को कृषि बाजार नीति 2024 की प्रतियां जलाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को एसडीएम बालीचौकी के माध्यम से मांग पत्र भेजा। इस दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों ने कृषि बाजार नीति के खिलाफ नारेबाजी भी की।
सेब उत्पादक संघ के राज्य कमेटी सदस्य महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संघर्ष कर रहे किसान संगठनों के साथ चर्चा करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसके बजाय सैकड़ों किसानों को जेल में डालकर क्रूरता से आंदोलन को दबाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महेंद्र राणा ने कहा कि नई राष्ट्रीय कृषि बाजार नीति तीन कृषि कानूनों को पिछले दरवाजे से फिर से लागू करने की कारपोरेट एजेंडे की रणनीति का हिस्सा है।
संघ ने उम्मीद जताई है कि राष्ट्रपति ज्ञापन में उठाई मांगों पर गंभीरता से ध्यान देंगी और उन पर पर्याप्त और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। संघ ने मांग की है कि केंद्र सरकार को किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल की जान बचाने, दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर दमन और आंसू गैस के गोले दागने को रोका जाए। प्रतिनिधिमंडल में सेब उत्पादक संघ बालीचौकी इकाई के यदुनंदन राय, प्रकाश चंद, हेतराम, देवेंद्र कुमार, मेघ सिंह, रूप सिंह, इंदर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।