सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने प्रदेश सरकार से शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के रूप में पदोन्नति सूची को शीघ्र जारी करने की मांग की है। संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सैनी ने बताया कि इस समय हिमाचल प्रदेश की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में लगभग 400 प्रधानाचार्यों के पद खाली चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची अब तक नहीं निकाली गई है। राजेश सैनी ने कहा कि जीवन में उच्च पद पाना हर एक व्यक्ति की महत्वाकांक्षा होती है और उसे पाने के लिए वे दिन रात कड़ी मेहनत करता है, लेकिन स्कूल प्रवक्ताओं को 25 वर्ष की कड़ी मेहनत करने के बाद एकमात्र पदोन्नति मिलती है, उससे भी वे वंचित रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रवक्ता पदोन्नति की पिछले लगभग एक वर्ष से सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं और अनेक प्रवक्ता पदोन्नति के इंतजार में सेवानिवृत्त हो चुके हैं और हो रहे हैं। इससे वे एक तरफ उच्च पद से वंचित रह रहे हैं और दूसरी तरफ आर्थिक हानि भी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रवक्ता संघ सरकार से मांग की है कि वे प्रधानाचार्य पद पर प्रवक्ताओं की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करें। संवाद