डॉक्टर बनकर समाज सेवा का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
रिवालसर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश भर में 9वां स्थान प्राप्त करने पर बल्ह क्षेत्र के उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्रा राधिका और उसके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। राधिका ने 700 में से 691 अंक हासिल कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान अध्यापकों ने राधिका को फूलमालाएं और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। राधिका के पिता टेकचंद और माता निर्मला देवी को भी बेटी की इस उपलब्धि पर सम्मानित किया गया। राधिका के पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। राधिका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और स्कूल के अध्यापकों को दिया। कहा कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं।
स्कूल के उपप्रधानाचार्य देवकीनंदन ने राधिका को आगे की पढ़ाई के लिए किताबें और कॉपियां उपलब्ध करवाने की घोषणा की। वहीं सिध्याणी के कैप्टन नीरज नेगी ने राधिका की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधाओं के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।