हर महीने 15 हजार रुपये भी करेंगे जमा, 5 साल में देंगे 20 लाख का निजी योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। बल्ह विकास खंड की नवगठित टिक्कर कलां पंचायत के प्रधान सुरेश शर्मा ने चुनावी वादा निभाते हुए पंचायत के विकास एवं जनकल्याण कार्यों के लिए निजी अंशदान का संयुक्त बैंक खाता खुलवाया है। हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक बैहना में खोले गए इस खाते में उन्होंने प्रारंभिक रूप से 10 लाख रुपये जमा कराए हैं।
सुरेश शर्मा ने बताया कि नवगठित पंचायत में कई विकास कार्य तत्काल पूरे किए जाने हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने यह निजी योगदान दिया है। प्रधान के रूप में मिलने वाले 7,500 रुपये मानदेय सहित हर माह कुल 15 हजार रुपये भी इसी खाते में जमा करेंगे। इससे पांच वर्षों में उनका कुल निजी योगदान लगभग 20 लाख रुपये हो जाएगा। खाते का संचालन पूरी पारदर्शिता के साथ होगा। सभी भुगतान केवल चेक के माध्यम से लाभार्थियों के नाम किए जाएंगे तथा नियमित लेखा-जोखा रखा जाएगा। कार्य समिति का ऑडिटर समय-समय पर खातों की जांच कर रिपोर्ट देगा। प्रधान ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान पंचायत घर के लिए भूमि उपलब्ध कराने का जो वादा किया था, उसे भी पूरा करेंगे। यदि सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होती है तो वे अपनी पांच से सात बिस्वा निजी भूमि दान करने को तैयार हैं।