मंडी (मंडी)। लोक संस्कृति के संवर्धन एवं संरक्षण को लेकर बुधवार को जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा इंदिरा मार्केट परिसर में जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में जिला भर से 9 लोक नृत्य दलों के लगभग 200 कलाकारों ने भाग लिया। दलों ने प्रदेश भर की लोक संस्कृति को अपने गायन व नृत्यों से जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में सांगल म्यूजिकल ग्रुप गोहर के सांस्कृतिक दल ने पहला स्थान हासिल किया। गुरुकुल म्यूजिकल ग्रुप मंडी दूसरे स्थान पर और कामाक्षा सांस्कृतिक लोक कला मंच करसोग व सिराज लोक नृत्य दल पकवाणा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में पहले तीन स्थानों पर रहे दलों को मुख्यातिथि द्वारा ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। सांस्कृतिक दलों में अमर युवक मंडल बगस्याड़, सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप बरोटी धर्मपुर, संकल्प युवा मंच सांदर शिवाबदार, कामाक्षा सांस्कृतिक लोक कला मंच करसोग, शांगल म्यूजिकल ग्रुप गुलाड़ गोहर, सिराज लोक नृत्य दल पकवाणा सहित अन्य दलों ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम से पूर्व दर्शकों के मनोरंजन के लिए धर्मपुर से लोक गायक गोपाल ने भ्यागड़ा गीत प्रस्तुत किया। वहीं गोहर के लोक कलाकार आनंद अन्नू द्वारा नाटी की प्रस्तुति से समा बांधा। इस दौरान मशहूर संगीतकार केआर पंछी कत्थक नर्तक विशेषज्ञ दिनेश गुप्ता, भाषा अध्यापिका श्यामा गौतम ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। एपीआरओ कुलदीप गुलेरिया ने मंच संचालन में सहयोग किया। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, पार्षद पुष्प राज कात्यायन, विशाल ठाकुर, बंसी लाल, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैणी, डॉ. राकेश कपूर, साहित्यकार चूड़ामणि, विनोद बहल, लोक गायिका धर्मी देवी, सतोहल नाट्य अकादमी की प्रभारी सीमा शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।