सुंदरनगर(मंडी)। पीओ सेल मंडी ने एक उद्घोषित अपराधी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस थाना सदर मंडी में लापरवाही से दुर्घटना कर गंभीर चोटें पहुंचाने के मामले में उद्घोषित अपराधी को पंजाब के जिला लुधियाना के दोराहा से धर दबोचा है। जानकारी के अनुसार आरोपी कर्मजीत सिंह पुत्र रतन सिंह निवासी वार्ड नंबर-13 दोराहा, जिला लुधियाना पंजाब के खिलाफ वर्ष 2014 में आईपीसी की धारा 279, 337 व 338 में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला पुलिस थाना सदर मंडी में दर्ज हुआ था। वहीं यह मामला जेएमआईसी कोर्ट नंबर-3 मंडी के न्यायालय में विचाराधीन था और कर्मजीत लगातार पेशियों से गैर हाजिर रहता था। इस पर अदालत ने कर्मजीत को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन इसका कोई पता नहीं चल रहा था। वहीं पीओ सेल टीम मंडी को कर्मजीत की पंजाब के जिला लुधियाना के दोराहा बाजार में मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर पीओ सेल टीम जिसमें एएसआई ओमप्रकाश, एचएचसी मोहिंद्र सैनी, एलएचसी दिनेश चौधरी व कांस्टेबल विवेक भंगालिया ने अपराधी को धर दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया अपराधी कर्मजीत को पुलिस थाना सदर मंडी के हवाले कर दिया है। अपराधी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।