चंडीगढ़-मनाली एनएच बंद होने के पंडोह में फंसी निजी बसें। संवाद
पंडोह (मंडी)। मंडी से कुल्लू और मनाली के लिए बुधवार सुबह निकली कुछ निजी बसों में सवार यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह 10 बजे के आसपास पंडोह पहुंचने के बाद बस रोक दी गई क्योंकि आगे एनएच बंद था। बस में सवार यात्री करीब सात घंटे तक पंडोह में ही फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों ने कई बार बस चालक से रास्ते की स्थिति को लेकर पूछताछ की लेकिन हर बार यही जवाब मिला कि रास्ता जल्द खुल जाएगा। जब दोपहर तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली और न ही रास्ता खुला तो यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। यात्रियों ने बस चालक से नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे कुल्लू का पूरा किराया लिया गया है लेकिन बस को पंडोह में ही रोक दिया गया है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें भ्रमित किया गया और रास्ता खुलने की कोई सुनिश्चित जानकारी नहीं दी गई। हालात बिगड़ते देख चालक और बस प्रबंधन यात्रियों को शांत कराने में असमर्थ रहे और बाद में सभी यात्रियों को पंडोह से निराश होकर मंडी लौटना पड़ा।