पीएम के आगमन को लेकर मंडी में ट्रायल लैंडिगं करता वायुसेना का हैलीकॉप्टर। फोटो:जय कुमार
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर प्रदेश भर से भाजपा नेताओं ने छोटी काशी में डेरा जमाना शुरू कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के अलावा मोर्चों और प्रकोष्ठों के संयोजक मंडी पहुंच गए हैं।
शिमला, कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अधिकतर पदाधिकारी वीरवार को मंडी पहुंच गए हैं। परिवर्तन रैली में लोगों की भीड़ जुटाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेशभर से आए भाजपा पदाधिकारियों को मंडी जिले की हर विधानसभा क्षेत्र में रैली के प्रभारी के तौर पर भेजा गया है। अब ये नेता मंडी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री की रैली में संख्या जुटाने के लिए स्थानीय मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।
इनसेट
युवा मोर्चा के प्रचार-प्रसार ने पकड़ा जोर
भारतीय जनता युवा मोर्चा को शहर में परिवर्तन रैली के प्रचार-प्रसार का जिम्मा सौंपा गया। वीरवार तक शहर के लगभग सभी सार्वजनिक स्थानों पर दीवार लेखन और पोस्टर चिपकाए गए हैं। युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान और महामंत्री रजत ठाकुर ने प्रचार की कमान संभाल ली है। उन्होंने कहा कि शहर के बाद पंडोह, नेरचौक और द्रंग की ओर भी दीवार लेखन का कार्य किया जाएगा। रैली प्रभारी राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर के आए नेताओं और पदाधिकारियों को मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। वे उन्हीं विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के साथ रैली में शिरकत करेंगे।