मंडी/नेरचौक/लडभड़ोल। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कर्फ्यू नियमों की पालना करते हुए घरों में रहकर कोरोना से आजादी की दुआ मांगी। जिलेभर में ईद का जश्न बेहद सादगी से मनाया गया। अपने-अपने घरों में रहकर नमाज अदा की। परिजनों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारक दी।
अन्य सगे संबंधियों को फोन के माध्यम से ईद की मुबारकबाद दी गई। मंडी, नेरचौक, सरकाघाट, धर्मपुर, चैलचौक, गोहर, जंजहैली, सलापड़ आदि क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अमल और शांति की दुआ मांगी। लडभड़ोल में भी दोस्ती और मोहब्बत के पैगाम के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार सादगी से मनाया। सरकार के कोरोना नियमों के दिशा-निर्देशों को देखते हुए क्षेत्र के सभी मुस्लिम भाइयों ने अपने-अपने घरों में नमाज अदा की और घर में ही एक दूसरे के गले मिलकर त्योहार की बधाई दी।
समोड़ मस्जिद के मौलवी गुलजार अली ने कहा कि ईद का त्यौहार सभी धर्मों के लोगों को मिलजुलकर रहने का संदेश देता है। लडभड़ोल में भी ईद का त्योहार कोरोना के कारण बड़ी सादगी के साथ मनाया गया। क्षेत्र के बलोटू, बीरू, कुम्हारनू और समोड़ गांव के मुस्लिम भाइयों ने अपने घरों में नमाज अदा की। एक दूसरे को ईद की बधाई दी है।