डयोड में निर्माणाधीन टनल के ऊपर सड़क पर बना गड्ढा जिसे भरने का प्रयास किया जा रहा है।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी जिले के पंडोह के पास डयोड क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल के ऊपर सड़क धंसने से बने विशाल गड्ढे को भरने का कार्य जारी है। अब तक 60 टिपर पत्थर और 15 ट्रांजिट मिक्सचर (टीएम) कंक्रीट इस गड्ढे में डाले जा चुके हैं, लेकिन यह अभी तक पूरी तरह नहीं भर पाया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी ने 19 सितंबर की शाम से इस गड्ढे को भरने का काम शुरू किया था। हालांकि रात में संकरी सड़क और अन्य चुनौतियों के कारण काम केवल दिन में ही किया जा रहा है। संकरी सड़क होने के कारण बड़े टिपरों के स्थान पर छोटे टिपरों का उपयोग किया जा रहा है। गड्ढे का आकार लगातार बढ़ रहा है, जिससे खतरा और भी गंभीर होता जा रहा है। सड़क धंसने के कारण पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। इलाके में स्थित सरकारी स्कूल और आठ परिवारों को अपने घर खाली कर किराये के मकानों में शरण लेनी पड़ी है। स्कूल और घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जो क्षेत्र को बेहद संवेदनशील बना रही हैं। ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन से स्थायी समाधान करने की मांग की है। शाहपुरजी-पलौनजी कंपनी के टीम लीडर आदर्श पन्होत्रा ने कहा कि गड्ढे को पूरी तरह भरने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है।