गरलोग स्कूल प्रबंधन समिति ने रिक्त पदों को भरने की प्रदेश सरकार से की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। उपमंडल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गरलोग में अध्यापकों के चार पदों सहित पीईटी और चपरासी का पद लंबे समय से खाली पड़ा है। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और खेल गतिविधियों को विराम लगा हुआ है। अध्यापकों के रिक्त पदों को लेकर विद्यार्थियों के अविभावकों ने स्कूल प्रबंधन व शिक्षा विभाग के प्रति रोष पनपने लगा है। उनका कहना है कि अध्यापकों के न होने से बच्चों का भविष्य अंधकारमंय हो जाएगा।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष बीरी सिंह ठाकुर और प्रधानाचार्य मीना कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को स्कूल परिसर में बैठक हुई। इसमें स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह और शिक्षा मंत्री को भेजा गया।
स्कूल भूमि के एफआरए केस के बारे में भी चर्चा की गई और बजट के प्रावधान को लेकर प्रस्ताव स्थानीय विधायक और शिक्षा मंत्री को सौंपा जायगा। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि स्कूल में राजनीति शास्त्र, इतिहास, अंग्रेजी विषयों सहित पीईटी और चपरासी का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। इस कारण विद्यार्थियों को पढाई करने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि पाठशाला में जल्द अध्यापकों के पदों को भरा जाए ताकि पढाई में बच्चों को कोई असुविधा न हो। बैठक में एसएमसी प्रधान बीरी सिंह सहित अभिभावक बनिता देवी, वंदना, रीना, शकुंतला, भावना, रीता देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।