मंडी। वाहनों के दवाब के आगे मंडी पुलिस का यातायात प्लान हांफ गया। हालात ऐसे हो गए कि बिंद्रावणी तक जाम लग गया। आनन फानन पुलिस को निर्माणाधीन बिंद्रावणी टनल से बड़े वाहनों को भेजना पड़ा। वाहन दिनभर रेंगते हुए शहर से गुजरे। बिंद्रावणी में खुद एएसपी सागर चंद्र ने मोर्चा संभाल और ट्रैफिक को नियमित करवाया। कुल मिलाकर पहले दिन शहर और आसपास के इलाकों में जाम की जाम रहा। जिसे खुलवाना पुलिस के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहा। एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि वाहनों के दबाव के आगे दिक्कतें पेश आ रही हैं, लेकिन पुलिस मुस्तैद है।-
एडीसी के लिए भी नहीं खुला गेट
जिला युवा एवं सेवाएं कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे एडीसी रोहित राठौर के लिए भी पहले पुलिस कर्मियों ने गेट नहीं खोला, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों ने एडीसी होने की जानकारी दी तो गेट खोला गया। कुल मिलाकर पुलिस की कार्यप्रणाली से हर कोई परेशान नजर आया। बता दें कि दो दिन पहले ही अपने आदेश में मंडी पुलिस ने जयराम ठाकुर को सीएम बता दिया था । इससे भी खूब किरकिरी हुई थी। अब शुभारंभ मौके पर भी पुलिस की कार्यप्रणाली चर्चा में ही रही।