ंसरकारी चालकों-परिचालकों की हड़ताल से निपटने की तैयारी
अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने कहा है कि परिवहन निगम के चालक-परिचालक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल की 24 घंटे बस अड्डों, निगम कार्यशालाओं, कार्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनाती रहेगी। पुलिस लगातार गश्त करेगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। जरूरत पड़ने पर बसों के संचालन के लिए होमगार्ड जवानों की सेवाएं भी ली जाएंगी। बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में हड़ताल के दौरान बस सेवाएं सुचारु बनाए रखने को लेकर रणनीति बनाई गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें। वीरवार सुबह से विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। हड़ताल शांतिपूर्ण होनी चाहिए और इसका असर आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों में एचआरटीसी की बसें अधिक संख्या में संचालित होती हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने निजी स्कूल प्रबंधन से भी सहयोग की अपील की है। जरूरत पड़ने पर उनकी बसों का उपयोग आम जनता की सुविधा के लिए किया जा सकता है।