मंडी। एसडीएम सदर आईएएस अधिकारी ओमकांत ठाकुर पर हुए हमले के बाद अवैध खनन को लेकर पुलिस और विभागीय कार्रवाई जारी है। जिला मुख्यालय से सटे बिंद्रावणी में अवैध खनन से जुड़े लोगों के कनेक्शन अब पुलिस खंगाल रही है। घटना के वक्त मौजूद लोगों और मामले में जुड़े दो ठेकेदारों के अलावा किस किस का कनेक्शन जुड़ा हुआ है, इसे लेकर गहन जांच की जा रही है।
पुलिस मामले से जुड़े आरोपियों की पूरी भूमिका खंगाल रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर यह अवैध खनन का खेल किस तरह चल रहा था। इसके लिए तकनीकी जांच का भी सहारा लिया जा रहा है ताकि पुलिस जांच को पुख्ता बनाया जा सके। इसके अलावा पुलिस एसडीएम पर महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच पड़ताल कर रही है। हमलावर आरोपी की पत्नी ने एसडीएम पर आरोप लगाए हैं। पुलिस इनका सत्यापन कर रही है।
अवैध खनन को लेकर निरीक्षण करने गए एसडीएम सदर ओमकांत ठाकुर पर नशे में धुत्त एक व्यक्ति ने हमला कर दिया था। घटना में एसडीएम का एक दांत टूट गया था। इस मामले के बाद खनन विभाग और एसडीएम ने जिलेभर में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। नदी नालों की ओर जाने वाले अवैध रास्तों को बंद भी करवाया।
उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले में गंभीरता से जांच जारी है। सामने आ रहे तथ्यों के अनुसार जांच पड़ताल की जा रही है। हर पहलु की बारीकी से जांच चल रही है। अवैध खनन के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
00