घर में अवैध निर्माण मामले में निगम के अधिकारी करेंगे अन्य विभागों के साथ संयुक्त दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जेल रोड में घर में 34 ग्राम चिट्टा के साथ भतीजे अभिषेक के साथ पकड़ी उमा उर्फ मोमबत्ती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस 3 दिन की रिमांड के दौरान भी मोमबत्ती से चिट्टा कहां से लाने की बात उगला नहीं पाई है।
प्रारंभिक पूछताछ में यही सामने आया है कि वह पंजाब से चिट्टा लाती थीए लेकिन पंजाब में कौन सी जगह से ला रही थी। यह पता नहीं चल पाया है। ऐसे में मुख्य तस्कर तक पहुंचना पुलिस के लिए अभी भी चुनौती बना हुआ है। मोमबत्ती कई बार चिट्टा के साथ पहले भी पकड़ी जा चुकी है। इस बार उम्मीद जताई जा रही थी कि मोमबत्ती के पकड़े जाने पर मुख्य तस्कर का खुलासा हो सकता है, जिससे वह चिट्टा खरीदकर यहां बेच रही थी। उधर, मामले में सामने आया है कि आरोपी मोमबत्ती ने नशे की तस्करी कर जेल रोड में आलीशान अवैध भवन बनाया है। नगर निगम ने हाल में 225 लोगों के साथ उसे भी अवैध निर्माण का नोटिस जारी किया है। ऐसे में नगर निगम इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगा। वीरवार को नगर निगम मंडी के अधिकारी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ आरोपी के घर का जायजा लेंगे। इस दौरान अवैध निर्माण की पूरी प्रकिया को देखा जाएगा। उधर, निगम आयुक्त कोर्ट में भी मामले को लेकर जल्दी सुनवाई की जाएगी। नगर निगम के आुयक्त एचएस राणा ने बताया कि वीरवार को राजस्व और पुलिस के साथ आरोपी के घर का दौरा किया जाएगा। अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कई युवकों की हो चुकी है चिट्टा से मौत
मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसी साल मंडी शहर में कई युवकों की चिट्टा की ओवरडोज से मौत भी हो चुकी है। वहीं, कई युवा चिट्टा की गिरफ्त में हैं। आरोपी मोमबत्ती कई दिनों से पुलिस की राडार पर थी। स्थानीय लोग भी आरोपी के घर नशेड़ियों का जमावड़ा लगने से परेशान थे।
कोट्स
आरोपी महिला से सख्ती से पूछताछ की गई है लेकिन अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है कि वह पंजाब में कौन सी जगह से चिट्टा ला रही थी। आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सागर चंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मंडी