पंडोह (मंडी)। पुलिस की वर्दी पहनने का सपना लेकर सोमवार को पंडोह स्थित पुलिस बटालियन मैदान में पहुंचे युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के दौरान शारीरिक दक्षता की कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ा। कड़ी मेहनत के बाद 382 अभ्यर्थियों ने सभी शारीरिक परीक्षण सफलतापूर्वक पास किए।
सोमवार को पुरुष अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) और शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के लिए कुल 2000 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन इनमें से 1295 ही परीक्षण में शामिल हुए। शेष 705 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दिनभर चली भर्ती प्रक्रिया में 907 अभ्यर्थी विभिन्न चरणों में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके। 382 अभ्यर्थियों ने सभी शारीरिक परीक्षण सफलतापूर्वक पार किए। सोमवार को परीक्षण में शामिल अभ्यर्थियों में करीब 29.50 प्रतिशत ही सफल हो सके। वहीं, बुलाए गए कुल अभ्यर्थियों में से 35.25 प्रतिशत अनुपस्थित रहे।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले अभ्यर्थियों की लंबाई और छाती की माप लेकर शारीरिक मानकों की जांच की गई। इसके बाद शारीरिक दक्षता परखने के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं करवाई गईं। इनमें 100 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और 800 व 1500 मीटर दौड़ शामिल रही। इन स्पर्धाओं में भी अभ्यर्थियों की गति, फुर्ती और शारीरिक क्षमता की परीक्षा हुई। निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। ऊंची कूद और दौड़ में अधिकतर अभ्यर्थी बाहर हुए। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस की ओर से भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाया जा रहा है।