मंडी पड्डल मैदान में चल रही फुटबॉल प्रतियोगिता में घायल हुआ खिलाड़ी क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में
मंडी। ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान फुटबाल मैच खेलते समय गिरने से एक खिलाड़ी की कलाई टूट गई। उसे उपचार के लिए फुटबाल संघ के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया। हड्डी रोग विशेषज्ञ ने प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया है। खिलाड़ी की टूटी कलाई का ऑपरेशन किया जाएगा।
पड्डल मैदान मंडी में अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की खेलकूद प्रतियोगिताएं चल रही हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ वर्ग फुटबाल प्रतियोगिता में जोगिंद्रनगर एफसी और राइजिंग स्टार मंडी के बीच मुकाबला चल रहा था। कड़े मुकाबले के चलते दोनों टीमों के खिलाड़ियों में भारी जोश देखा गया। जोगिंद्रनगर टीम की तरफ से गोल दागते हुए खिलाड़ी ईशान ठाकुर ने उछल कर किक लगाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिर गया।
बचाव के लिए हाथों को जमीन पर लगाया लेकिन शरीर का भार एक कलाई पर आने से कलाई की दोनों हड्डियां टूट गई। ऐसे में मैदान में तैनात जिला फुटबाल संघ के पदाधिकारियों ने घायल खिलाड़ी को उठा कर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। जिला फुटबाल संघ के कोषाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए एकमात्र फर्स्टएड की सुविधा दी जाती है। घायल होने पर खिलाड़ियों की देखरेख के लिए चिकित्सक और वाहन की सुविधा भी तैनात होनी चाहिए।