टीम और व्यक्तिगत स्तर पर एक हजार से बीस हजार तक की राशि का मिलेगा पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। क्षेत्रीय से लेकर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सरदार पटेल विश्व विद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें नकद पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। खिलाड़ियों को एक हजार से लेकर 20,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि टीम और व्यक्तिगत दोनों श्रेणियों में उनके प्रदर्शन के आधार पर प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय के अनुसार नार्थ जोन, क्षेत्रीय स्तर और अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है, ताकि वह खेलों में उत्कृष्टता हासिल कर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
नॉर्थ जोन, व्यक्तिगत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 3000 रुपये, द्वितीय 2500, रुपये, तृतीय 2000 रुपये, चतुर्थ को 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। नॉर्थ जोन टीम प्रतियोगिता में प्रथम 2500 रुपये, द्वितीय -2000 रुपये, तृतीय 1500 रुपये, और चतुर्थ स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 1000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी, नेशनल चैंपियनशिप (व्यक्तिगत) में प्रथम स्थान पर 20000 रुपये, द्वितीय 15000 रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 12000 रुपये दिए जाएंगे। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी, नेशनल चैंपियनशिप (टीम प्रतियोगिता) में
प्रथम स्थान पर 7500 रुपये, द्वितीय 5500 रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 4000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। एसपीयू मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी का कहना है कि इस तरह के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।