आवेदकों को मोबाइल फोन लाने की अनुमति नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। उपमंडल सदर में पशु मित्रों के 7 पद भरे जाने हैं। सीमेन बैंक मंडी में-2 , पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला मंडी-2, क्षेत्रीय पशु चिकित्सालय मंडी -1, पशु औषधालय खड़कल्याणा-1, पशु औषधालय पद्धियूं में 1 पद भरने के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा 24 और 25 अप्रैल 2026 को पड्डल मैदान मंडी में आयोजित की जाएगी।
24 अप्रैल को पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा और 25 अप्रैल को महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। पशु मित्र संलग्नता समिति सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी मंडी ने बताया कि शारीरिक परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होगी, सभी अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए 30 मिनट पहले कार्यक्रम स्थल पर रिपोर्ट करेंगे। पंजीकरण 10.30 बजे के बाद नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को एक वास्तविक आधार कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस,पेन कार्ड और परिवार नकल आदि के साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो (स्व-सत्यापित) लाना अनिवार्य होगा।
शारीरिक परीक्षण के तहत पुरुष आवेदकों को 5000 मीटर की दौड़ 30 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी जबकि महिला आवेदकों को 1500 मीटर की दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी। शारीरिक परीक्षण स्थल पर आवेदकों को मोबाइल फोन लाने की अनुमति नहीं होगी। आवेदकों को मोबाइल फोन स्थल से बाहर रखने का प्रबंध स्वयं करना होगा। सभी आवेदकों को शारीरिक परीक्षण में भाग लेने से पूर्व शारीरिक योग्यता से संबंधित स्व-घोषणापत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे।