बर्फबारी से सड़क बंद होने से गाड़ागुशैणी मेें मरीज को पालकी में उठाकर अस्पताल ले जाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
जिला के ऊपरी क्षेत्रों में ताजा हिमपात ने ग्रामीणों की दिक्कतों को बढ़ा दिया है। छह जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद से ही इन क्षेत्रों में हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। वहीं, रविवार रात को हुए ताजा बर्फबारी से ऊपरी क्षेत्रों में अधिकतर संपर्क सड़कें बाधित हो गई हैं। जिला के सराज क्षेत्र में यातायात और बिजली की व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ गई है। सराज क्षेत्र के गाड़ागुसैणी में भारी बर्फबारी के कारण कोई न कोई व्यक्ति बीमार पड़ रहा है। इसी गांव के एक बुजुर्ग निके राम (62) को पेट दर्द के चलते कुर्सी पर उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने 28 किमी तक कंधे पर उठाकर निके राम को अस्पताल पहुंचाया।
सराज विधानसभा क्षेत्र के गाड़ागुसैणी में 30 सेंटीमीटर तक ताजा हिमपात हुआ है। इसके अलावा चुंजबाला धार, स्पैहणी धार, शैटा धार सहित कई ऊंची चोटियों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, सराज क्षेत्र के थाची सुधरानी, शिल्लीबागी, थाना सहित कई क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र की दुर्गम पंचायत बागाचनोगी, भाटकीधार, कहलणी, थाना, शिल्लीबागी में ताजा हिमपात से यातायात ठप हो गया है। लंबाथाच कल्हणी, थाची डिडर, सुधरानी, थाटा, बाहु गाड़ागुसैणी सड़कें ठप पड़ गई हैं। इन क्षेत्रों में दो दिन पहले ही बिजली बहाल हुई थी। लेकिन, ताजा बर्फबारी के कारण बिजली की सप्लाई भी ठप पड़ गई है।
गाड़ागुसैणी क्षेत्र के गांवों में बिजली गुल होने के साथ-साथ पानी की पाइपें भी जम गई हैं। क्षेत्र के लोग बर्फ पिघला कर पी रहे हैं। ग्रांम पंचायत थाचाधार के प्रधान ललित कुमार, खौली के प्रधान सुनीता देवी, घाट पंचायत के प्रधान पूर्ण चंद ने कहा कि बर्फबारी के चलते क्षेत्र का बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि गाड़ागुसैणी क्षेत्र में बिजली, पानी और यातायात व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए।