कार दुर्घटना के शिकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधा न मिलने से क्षुब्ध लोगों ने रिवालसर में आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी का पुतला फूंका
- फोटो : अमर उजाला
रिवालसर (मंडी)। हवाणी गलू में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार न मिलने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर स्वास्थ्य केंद्र में तोड़-फोड़ की है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रिवालसर-कलखर सड़क पर चक्का जाम किया और स्थानीय मंत्री का पुतला जलाया। लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा मिलने के बाद भी रिवालसर में स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही है। हाल ही रिवालसर में राज्य स्तरीय एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के दौरान एक छात्रा कैडेट की तबीयत बिगड़ने पर सही ढंग से उपचार नहीं मिला। जिससे छात्रा को मंडी रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। हवाणी गलू में सवा पांच बजे के करीब हुए हादसे के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस सुविधा भी मुहैया नहीं हो पाई। घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर अस्पताल स्टाफ के नदारद रहने के कारण घायलों को प्राथमिक उपचार भी नसीब नहीं हुआ।
मंगलवार को हवाणी गलू के पास कार हादसे में घायल पांच महिलाओं व चालक को उपचार के लिए सीएचसी रिवालसर लाया गया। जहां पर डाक्टर व अन्य स्टाफ न होने के कारण घायलों को प्राथमिक उपचार भी नहीं मिला। जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र के शीशे तोड़ डाले। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र बाहर प्रदर्शन कर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। स्थानीय लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अस्पताल स्टाफ को सस्पेंड कर नया स्टाफ नियुक्त करने की मांग उठाई। सवा सात बजे के करीब एसडीएम सदर मदन कुमार व सीएमओ मंडी डा. डीआर शर्मा, बल्ह थाना प्रभारी संजीव सूद मौके पर पहुंचे। लेकिन गुस्साए लोगों ने अधिकारियों की एक न सुनी। प्रदर्शनकारी अस्पताल स्टाफ को सस्पेड करने की मांग को लेकर अड़े रहे। देर शाम तक स्थानीय लोग प्रदर्शन करते रहे।