धर्मपुर (मंडी)। बरसात के मौसम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। प्रशासन ने धर्मपुर बाजार में बस स्टैंड सहित सोन खड्ड और भ्रैंड नाले के किनारे बने मकानों, दुकानों तथा लघु उद्योगों को खाली करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। करीब सौ से अधिक लोगों को प्रशासन ने नोटिस जारी कर सुरक्षित जगह तलाशने के आदेश दे दिए हैं। नोटिस मिलते ही व्यापारियों, मकान मालिकों व इंडस्ट्री मालिकों में हड़कंप मच गया है। नोटिस में प्रशासन ने एक सप्ताह का समय दिया है।
प्रशासन ने चेताया कि अगर नोटिस मिलने के बाद भी दुकान, मकान और इंडस्ट्री को खाली नहीं करते हैं तो इस स्थिति में बाढ़ से होने वाले नुकसान के लिए स्वयं जिम्मेवार होंगे। प्रशासन तथा सरकार की तरफ से कोई भी राहत राशि जारी नहीं की जाएगी।
इस बार जानमाल की सुरक्षा के लिए प्रशासन पहले ही अलर्ट हो गया है। जिसके चलते प्रशासन ने सोन खड्ड और भ्रैंड नाला के नजदीक रहने वाले करीब 108 लोगों को नोटिस थमाए हैं। जिसमें सरकारी भूमि पर कब्जा जमाए 28 लोग शामिल हैं। निजी भूमि पर 35 लोग हैं तथा अन्य कुछ लोग ऐसे हैं जिनके पास निजी भूमि है लेकिन उसके साथ सरकारी भूमि भी है, ऐसे 45 लोग हैं। साथ ही प्रशासन ने ऐसे स्थानों का चुना है जहां कुछ वर्षों से लगातार बरसात में आपदा आ रही है और वहां के सभी रास्ते बंद हो जाते हैं। जिसमें तनेहड़, रांगड़, गोरत, छुईघाट, चोलगढ़, लखरेहड़, टौरखोला, बैरी, कून, लासनी, झंगी और समौड़ के लिए दो माह का पीडीएस का राशन पहुंचा दिया है।
प्रशासन ने आईपीएच, बिजली और लोनिवि को बरसात के मौसम को देखते हुए सतर्क रहने के आदेश दिए हैं तथा जरूरत पड़ने पर तुरंत बिजली, पानी और सड़क बहाली करने के लिए तैयार रहने के आदेश एसडीएम धर्मपुर किशोरी लाल की ओर से जारी कर दिए हैं। इस बारे में एसडीएम किशोरी लाल ने कहा कि बरसात में किसी प्रकार का जान और माल का नुकसान न हो, इसी को मद्देनजर रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।