नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में पर्ची कक्ष के बाहर उमड़ी मरीजों की भीड़। संवाद
जोगिंद्रनगर/चौंतड़ा (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर की गायनी ओपीडी में सोमवार दोपहर 12 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की राह देखते हुए गर्भवती महिलाएं निराश होकर लौट गईं। रविवार के अवकाश के बाद नागरिक अस्पताल में सोमवार को स्त्री रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के न मिलने पर मरीजों का गुस्सा भी फूट पड़ा।
कई किलोमीटर का सफर कर सुबह 9:30 बजे अस्पताल पहुंची द्रोबड़ी निवासी महिला सुमन ने गायनी चिकित्सक के न मिलने पर खरी खोटी सुनाई। शिशु ओपीडी में कमेहड़ निवासी दिलीप सिंह अपने बेटे अमन को उपचार दिलाने पहुंचे थे। ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक न मिलने पर वह भी भड़क गए। कई तीमारदारों ने ओपीडी में सुबह के समय डॉक्टर के उपलब्ध न होने पर प्रदेश सरकार की हेल्पलाइन नंबरों पर भी संपर्क साध समस्या बताई। सोमवार को करीब 300 मरीजों का पंजीकरण अस्पताल में हुआ।
महिलाओं को गायनी ओपीडी में दोपहर 12 बजे तक भी जब उपचार नहीं मिला तो वे मायूस होकर लौट आई। उधर सप्ताह के पहले दिन नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में एक्सरे करवाने के लिए मरीजों की भीड़ रही। सरकारी और निजी प्रयोगशाला में भी टेस्ट करवाने को लेकर मरीजों की भीड़ सुबह 10 बजे से ही लग गई। करीब 120 मरीजों के 400 प्रकार के टेस्ट सोमवार को अस्पताल में हुए। एसएमओ डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कहा कि गायनी विशेषज्ञ अवकाश पर हैं। मरीजों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए अस्पताल प्रबंधन तत्पर है। संवाद