जोगिंद्रनगर (मंडी)। मानसून में बारिश और भूस्खलन से बदहाल हुए मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे-154 की सूरत 57 करोड़ रुपये से सुधरेगी।
परौर से चौंतड़ा तक क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने करीब 18 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत सड़क की मरम्मत और क्षतिग्रस्त डंगों का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
चौंतड़ा बाजार, सुकाबाग और ऐहजू सहित कई स्थानों पर सड़क की हालत खराब होने से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जगह सड़क के किनारे सुरक्षा के लिए बनाए गए डंगे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बजट स्वीकृत होने से इन स्थानों पर सुधार कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा घटासनी से गवाली तक सड़क की टारिंग के लिए करीब 14 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस हिस्से में पानी की निकासी के लिए कलवर्ट और नालियों का निर्माण भी किया जा रहा है। वहीं, चौंतड़ा से घटासनी तक पैचवर्क और अन्य सुधार कार्यों के लिए करीब 25 करोड़ रुपये का अलग बजट स्वीकृत है।
एनएचएआई के साइट इंजीनियर अंकित ने बताया कि हाईवे पर अलग-अलग पैकेज के तहत सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें डंगों का निर्माण, टारिंग, नालियों और कलवर्ट से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पठानकोट चौक में बहाल हुआ बंद कलवर्ट
जोगिंद्रनगर के पठानकोट चौक में वर्षों से बंद पड़े कलवर्ट को भी एनएचएआई ने बहाल कर दिया है। पानी की निकासी बंद होने से यहां गंदगी जमा हो रही थी और सड़क को नुकसान पहुंच रहा था। संवाद न्यूज एजेंसी के माध्यम से अमर उजाला में समस्या उजागर होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी आवाज उठी। इसके बाद शनिवार देर रात कलवर्ट को बहाल कर पानी की निकासी शुरू कर दी गई।