उपमंडल सरकाघाट के पटड़ीघाट से हड़सर होते हुए गुलेला तक जाने वाली संपर्क सड़क। संवाद
पटड़ीघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट के पटड़ीघाट से हड़सर होते हुए गुलेला तक जाने वाली संपर्क सड़क बारिश में नाले का रूप धारण कर रही है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। मलबा आने से हादसों का भय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों कृष्ण चंद, सुनील कुमार, अशोक शर्मा, निशु, खेम चंद, कुशल कुमार, विजय कुमार आदि ने कहा कि सड़क के किनारे जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। इससे बारिश का पानी सड़क पर ही बह रहा है। बरसात में यह सड़क राहगीरों के लिए खतरा बन चुकी है। बाइक और छोटे वाहन चालकों को तो यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की मरम्मत करने और सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग ने समय रहते इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में है। सहायक अभियंता को स्पॉट का निरीक्षण करने के निर्देश दिए है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। संवाद