खमराधा स्कूल में अंधड़ तूफान से उड़ी स्कूल की छत। संवाद
बालीचौकी (मंडी)। शिक्षा खंड सराज-2 की प्राथमिक पाठशाला मुहलू खमराधा के भवन की उड़ी छत की मरम्मत अब अभिभावक करेंगे। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। विद्यार्थियों के अभिभावक अंशदान कर छत की मरम्मत करवाएंगे। इससे यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बीते 17 अप्रैल को क्षेत्र में अंधड़ चला था। इस कारण स्कूल के भवन की छत उड़ कर नीचे गिर गई है। भवन के तीनों कमरे अब बिना छत के हो गए हैं। शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को साथ लगते उच्च पाठशाला के भवन में बैठाया जा रहा है। बारिश होने पर प्राथमिक पाठशाला के भवन की दीवारें खराब हो सकती हैं।
अभिभावकों ने बैठक कर पैसे जुटा कर मरम्मत कार्य करवाने का फैसला लिया। अभिभावक निके राम, कमलेश, केहर सिंह, दीवान चंद आदि ने बताया कि 17 अप्रैल को अंधड़ के कारण राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुहलु खमराधा भवन की छत उखड़ गई है। अगर यह घटना दिन के समय होती तो जानलेवा हो सकती थी। एसडीएम बालीचौकी और शिक्षा विभाग को अवगत करवा दिया है। अभिभावकों का कहना है कि विभाग से पैसे स्वीकृत होने में समय लग सकता है। वार्ड पंच निके राम ने कहा कि उन्होंने एसडीएम और शिक्षा विभाग को पत्र लिख दिया है। मामले में स्थानीय पटवारी ने मौका भी किया है।
...
विभाग की ओर से स्कूल के भवन को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल उपलब्ध करवाए हैं। साथ लगते स्कूल के कमरे में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। स्कूल भवन की छत की रिपोर्ट को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक के साथ-साथ जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
-डोला सिंह, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी
000