दोस्त को भेजने वाले मंडी के युवक पर प्राथमिकी दर्ज, नोटिस देकर छोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर में अधूरे पते के कारण वापस आए एक पार्सल से 12 ग्राम चरस बरामद होने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की पहचान सुहड़ा निवासी ऋषभ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ऋषभ ने राजस्थान में रहने वाले अपने एक दोस्त को डाक के माध्यम से पार्सल भेजा था। पार्सल पर प्राप्तकर्ता का पता अधूरा होने के कारण उसकी डिलीवरी नहीं हो सकी और वह वापस मंडी डाकघर पहुंच गया। पार्सल संदिग्ध लगने पर डाक विभाग ने इसकी सूचना पुलिस चौकी शहरी को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पार्सल भेजने वाले ऋषभ को चौकी बुलाया। उसकी मौजूदगी में पार्सल खोला गया, जिसमें से 12 ग्राम चरस बरामद हुई। चौकी प्रभारी एएसआई मदन कुमार और मुख्य आरक्षी पवन कुमार ने नियमानुसार बरामदगी की कार्रवाई पूरी की। पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि पार्सल में मिली चरस उसी ने अपने दोस्त को भेजी थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।