डाॅ. राजन सिंह ने संभाला आयुष उपनिदेशक का कार्यभार
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। डाॅक्टर राजन सिंह ने मंडी जोन के उपनिदेशक आयुष विभाग का पदभार ग्रहण कर लिया है। मंडी जोन में मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और बिलासपुर जिले शामिल हैं। डाॅ. राजन सिंह इससे पूर्व जिला आयुष अधिकारी सिरमौर और बिलासपुर में सेवाएं दे चुके हैं। जिला सिरमौर के नाहन नगर निवासी डाॅ. सिंह ने कार्यकाल के दौरान दुर्गम क्षेत्रों में आयुष विभाग को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मंडी जिला के आयुष अधिकारियों, जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय मंडी के चिकित्सकों तथा स्टाफ के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि उनका फोकस चारों जिलों में आयुष संस्थानों की कार्यप्रणाली सुधारने एवं जनमानस को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने पर रहेगा। उपनिदेशक ने बताया कि जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में पंचकर्म चिकित्सा पद्धति के साथ-साथ क्षारसूत्र विधि के माध्यम से पाइल्स, भगंदर एवं फिस्टुला जैसी बीमारियों का प्रभावशाली इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। संवाद