दाखिलों में कमी आने पर की पहल, करवाएंगे स्कूल का विकास
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। द्रंग हलके की राजकीय प्राथमिक पाठशाला भटोग में साल दर साल दाखिलों में आ रही कमी के चलते स्थानीय पंचायत प्रधान शुभम ने इसे गोद लिया है। उन्होंने इस पाठशाला के विकास की जिम्मेदारी ली है। इसके लिए स्कूल स्टाफ और प्रबंधन समिति की बैठक वीरवार को स्थानीय प्रधान शुभम शर्मा की उपस्थिति में हुई।
बैठक में सर्व सहमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि स्थानीय ग्राम पंचायत टांडू के प्रधान शुभम शर्मा इस स्कूल को आजीवन गोद लेंगे। वहीं, वे इसकी आगामी सुचारू व्यवस्था के लिए जिम्मेदार होंगे। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित केंद्रीय मुख्य अध्यापक द्रंग नरेश शर्मा ने इस पहल की सराहना की। कहा कि यह एक मुश्किल कार्य है, लेकिन नामुमकिन नहीं है। शुभम शर्मा ने कहा कि यह कार्य उन्होंने प्रधान होने नाते नहीं बल्कि अपनी स्वैच्छिक इच्छा से किया है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि स्थानीय जनता, स्टाफ, प्रबंधन समिति का उन्हें भरपूर सहयोग मिलेगा। इस मौके पर मुख्य अध्यापक होशियार ठाकुर, स्थानीय उपप्रधान देवी चंद , वार्ड पंच नीलम शर्मा, महिला मंडल प्रधान ललिता ठाकुर, प्रबंधन समिति अन्य मौजूद रहे।