मंडी जिले में पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर जारी
सदर में 31 पंचायतों के प्रधान पद महिलाओं के लिए आरक्षित
ओपन सीट पर भी महिलाएं कर सकती हैं दावेदारी
अमर उजाला ब्यूरो 469
मंडी। आगामी पंचायत चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर जारी हो गया। जिला की 469 पंचायतों में से 237 पंचायतेें इस बार महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इन पंचायतों में प्रधान पद पर महिला उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिला है। हालांकि जिला में ओपन सीट पर भी महिलाएं अपनी दावेदारी दिखा सकती हैं। 50 फीसदी आरक्षण से पंचायतीराज में महिलाओं की भागीदारी रहेगी। जिला में सदर विकास खंड में सबसे अधिक 31 पंचायतों में प्रधान पद के लिए महिला उम्मीदवारों में टक्कर में होगी। सदर विकास खंड में कुल 62 पंचायतें हैं।
जिनमें से 31 पंचायतें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। चौंतड़ा विकास खंड की 40 में से 20 पंचायतों में महिलाएं प्रधान पद के लिए दमखम दिखाएंगी। द्रंग की 40 में से 20, धर्मपुर की 45 में से 23, गोपालपुर 45 में से 23, सुंदरनगर 55 में से 28, करसोग में 54 में से 27, सराज में 45 में से 23, बल्ह में 46 में से 23, गोहर विकास खंड की कुल 37 पंचायतों में से 17 में प्रधान पद के लिए महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।
प्रधान प्रद के लिए आरक्षित महिला पदों में अनुसूचित जाति महिला, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला और ओपन महिला हैं, जबकि अनारक्षित पदों में भी महिला उम्मीदवार प्रधान पद के लिए खड़ी हो सकती हैं। इधर, जिला पंचायत अधिकारी गिरीश ने बताया कि रोस्टर में नियमानुसार प्रधान पद के लिए महिलाओं के लिए आरक्षण दिया गया है।
पंचायत समिति अध्यक्ष के भी 5 पद महिलाओं को
जिला में पंचायत समिति अध्यक्ष के रोस्टर में भी महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिला है। जिला के कुल दस पंचायत समिति अध्यक्ष पदों में से पांच को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। जिसमें दो अनुसूचित जाति महिला, एक अन्य पिछड़ा वर्ग महिला व दो ओपन महिला शामिल है। जबकि जिला परिषद मंडी के जिला परिषद सदस्यों के कुल 36 पदों में से 18 पदों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।