सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल पेंशनर्ज समाज ने दिवाली से पहले 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पेंशनरों को शेष बचा सारा 22.50 फीसदी एरियर जारी करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। पेंशनर्ज समाज के प्रदेश अध्यक्ष एजी शेख ने कहा कि इस मांग को पेंशनर्ज समाज ने बार-बार उठाया, जिसके परिणाम अब सबके सामने आ गया है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को 28 अक्तूबर को इस माह का वेतन और डीए की किस्त जारी करने की घोषणा की थी, लेकिन इसमें निगम और बोर्ड के कर्मचारी और पेंशनर शामिल नहीं थे। जब मामला पेंशनर्ज समाज ने उठाया तो सरकार ने तुरंत निगम व बोर्ड को भी एक साथ वेतन और पेंशन डीए सहित 28 अक्तूबर को देने के आदेश जारी कर दिए।
उन्होंने कहा कि अब 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पेंशनरों को एकमुश्त एरियर की किस्त देने की सरकार ने घोषणा कर बड़ी राहत दी है। मगर इसमें एक बार फिर से बोर्ड और निगम के पेंशनरों को शामिल नहीं किया गया है। उन्हें भी सरकारी कर्मचारियों की तरह की लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है बिजली बोर्ड को भी पेंशनरों को दिवाली से पूर्व एरियर जारी करने के निर्देश दें और 75 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को एकमुश्त बकाया 80 प्रतिशत जारी किया जाए।