आरोप- महीनों से बिना वैज्ञानिक प्रबंधन के डाला जा रहा कचरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत स्यांह-कंसा चौक में नगर परिषद नेरचौक की डंपिंग साइट को लेकर विवाद बढ़ गया है। पंचायत ने नगर परिषद नेरचौक के ईओ और साइट संचालित कर रहे ठेकेदार के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह में शिकायत देकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पंचायत प्रधान अश्वनी सैनी की शिकायत के अनुसार कई महीनों से डंपिंग साइट पर बिना वैज्ञानिक तरीके से कचरा डाला जा रहा है। इससे दुर्गंध, मक्खी-मच्छरों का प्रकोप और गंदे पानी के रिसाव के कारण आसपास के करीब पांच हजार लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि डंपिंग साइट के पास पेयजल पंप हाउस, खेल मैदान, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, बाजार और घनी आबादी होने से संक्रमण और जल स्रोतों के प्रदूषित होने की आशंका बनी हुई है। पंचायत का आरोप है कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को मौखिक और लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। 24 जुलाई को ग्रामीणों के साथ किए गए निरीक्षण में वर्षों से जमा कचरा, गंदे पानी का रिसाव और जमीन में दबाया गया कचरा जैसी अनियमितताएं सामने आईं। पंचायत ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा डंपिंग साइट को आबादी से दूर वैज्ञानिक तरीके से स्थानांतरित करने की मांग की है। एसपी विनोद कुमार ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी।