अभ्यार्थियों ने एसपीयू के कुलपति को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के हिंदी विभाग में पीएचडी की चार सीटें स्वीकृत होने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। हिंदी विषय के इच्छुक अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से मुलाकात कर शीघ्र प्रवेश अधिसूचना जारी करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को सौंपे ज्ञापन में कहा कि सीटों का आवंटन और प्रवेश प्रक्रिया में हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों का महत्वपूर्ण समय व्यर्थ हो रहा है। इससे आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। प्रवेश प्रक्रिया शुरू न होने से वे समय पर शोध प्रस्ताव तैयार करने और अन्य शैक्षणिक औपचारिकताएं पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से हिंदी विषय में पीएचडी प्रवेश के लिए जल्द अधिसूचना जारी करने तथा सीट आवंटन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की, ताकि शोधार्थी अपनी अकादमिक योजना समय पर बना सकें। प्रतिनिधिमंडल में उमेश शर्मा, रमना देवी, टिकमी देवी, भोपाल सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।