मंडी। जिला खेल अधिकारी मंडी को शिमला निदेशालय ने निलंबित कर दिया है। इसके आदेश जारी कर दिए हैं। निलंबन के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उन पर निदेशालय में होने वाली बैठक में अनुपस्थित रहने पर की गई है। यह भी ज्ञात हुआ है कि उक्त अधिकारी कुछ समय से अस्वस्थ हैं। वह अपना उपचार करवा रही हैं, जिस कारण बैठक में भाग नहीं ले पाई हैं।
कार्रवाई के बाद उनके विभाग से जुड़े कोई भी अधिकारी खुलकर नहीं बोल रहे हैं। शिमला में अधिकारियों से संपर्क करने पर उन्होंने निलंबन की तो बात स्वीकार की, लेकिन इस मामले में वे भी अपना बचाव करते नजर आए। नाम प्रकाशित न करने की बात कहते हुए बताया कि निदेशक के निर्देश पर उक्त महिला अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है। इधर, मंडी में तैनात अधिकारी से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे फोन काॅल रिसीव नहीं कर पा रही हैं। संवाद