पहले 11 बजे तक ही बनाई जा रही थीं पर्चियां
नई व्यवस्था से गर्भवती और बाल रोगियों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मातृ-शिशु अस्पताल (एमसीएच) मंडी में मरीजों और उनके तीमारदारों को राहत देते हुए अस्पताल प्रबंधन ने पर्ची बनाने के समय में बढ़ोतरी कर दी है। अब अस्पताल में दोपहर एक बजे तक ओपीडी की पर्चियां बनाई जा रही हैं। इससे गर्भवती महिलाओं और बाल रोगियों को पर्ची बनवाने के लिए होने वाली परेशानी से निजात मिली है। इससे पहले ट्रायल के तौर पर शुरू किए गए पर्ची काउंटर पर सुबह साढ़े 11 बजे तक ही पर्चियां बनाई जा रही थीं। समय सीमा कम होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बच्चों को उपचार के लिए लाने वाले तीमारदारों को क्षेत्रीय अस्पताल के सामान्य पर्ची काउंटर पर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। इस प्रक्रिया में काफी समय लगने के कारण मरीजों को ओपीडी तक पहुंचने में भी देरी होती थी।
वहीं, ओपीडी में चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों की ओर से लिखे गए टेस्ट करवाने के लिए मरीजों को क्रस्ना लैब या अस्पताल के बाहर निजी लैब का रुख करना पड़ता था। इससे उन्हें कई बार महंगे टेस्ट करवाने पड़ते थे। इस समस्या को लेकर मरीजों के परिजनों और शहर के बुद्धिजीवी वर्ग ने अस्पताल प्रबंधन से एमसीएच पर्ची काउंटर का समय बढ़ाने की मांग उठाई थी। मरीजों की परेशानी और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने अब पर्ची काउंटर का समय बढ़ाकर दोपहर एक बजे तक कर दिया है।
नई व्यवस्था लागू होने से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को काफी सुविधा मिल रही है। अब वे आसानी से ओपीडी में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और जरूरी टेस्ट करवाने के बाद समय पर घर लौट पा रहे हैं। अस्पताल की गायनी ओपीडी में चार विशेषज्ञों की तैनाती होने से महिला मरीजों को स्वास्थ्य जांच के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। हालांकि, बाल रोग विशेषज्ञ का एकमात्र स्वीकृत पद होने के कारण बाल रोग ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रहती है। इसके बावजूद सभी मरीजों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
कोटली के दुनी चंद, रेहड़धार के हुकम चंद, बगस्याड की कंचन और प्रभु दयाल तथा नाचन के कर्म चंद और ब्रेस्ती देवी ने पर्ची काउंटर का समय बढ़ाए जाने पर खुशी जताई है।
इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के एमएस डॉ. दिनेश ठाकुर ने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अस्पताल प्रबंधन हमेशा तत्पर है। मरीजों और उनके परिजनों की मांग को देखते हुए ही एमसीएच पर्ची काउंटर का समय बढ़ाया गया है।