जोगिंद्रनगर (मंडी)। सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर और उपमंडल की पीएचसी, सीएचसी में चिकित्सकों के रिक्त पद भरने के बाद ओपीडी भी बढ़ गई है।अब ओपीडी 500 के करीब पहुंच गई है। इससे पहले चिकित्सकों के पद रिक्त होने से ओपीडी कम हो गई थी। मरीजों को दूरदराज के अस्पतालों में जाना पड़ रहा था। तीन-चार चिकित्सकों के हवाले सिविल अस्पताल में अब 15 डॉक्टर हो गए हैं। इससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आया है। उपमंडल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक अस्पताल और सिविल अस्पताल में अब चिकित्सकों की संख्या 23 हो गई है।
लडभड़ोल अस्पताल में तीन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लांगणा, चौंतड़ा, गोलवां, मकरीड़ी, पिपली और पंडोल में चिकित्सक तैनात हुए हैं। जोगिंद्रनगर अस्पताल में 300, सामुदायिक अस्पताल चौंतड़ा में 90 और लडभड़ोल अस्पताल में मरीजों की संख्या 150 तक रही।
...जोगिंद्रनगर उपमंडल के विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा रहा है।
-डाॅ. दीपाली शर्मा, सीएमओ मंडी