सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग के सौजन्य से ओपी हिल 1965 के वीर बलिदानियों की याद में सुंदरनगर में विजय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन की अध्यक्षता रिवालसर सैनिक लीग के अध्यक्ष घनश्याम ठाकुर ने की।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक लीग की जोगिंदरनगर, पालमपुर, बिलासपुर, सरकाघाट, करसोग, सुंदरनगर और रिवालसर शाखाओं के पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों ने भाग लिया। इस अवसर पर देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त करने वाले और ओपी हिल 1965 के युद्ध में अपने अदम्य साहस का प्रदर्शन करने वाले वीर सैनिकों को याद कर नमन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल टीपीएस राणा ने कहा कि ओपी हिल 1965 का युद्ध भारतीय सेना के शौर्य, अनुशासन और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों और बलिदानी परिवारों को सलाम करते हुए कहा कि राष्ट्र सदैव उनके योगदान को याद रखेगा।
इस मौके पर 1965 के ऑपरेशन में अपनी वीरता, साहस एवं शौर्य का प्रदर्शन करने वाले कैप्टन राम सिंह, कैप्टन रोशन लाल, कैप्टन मान सिंह, हवलदार चंदूराम, हवलदार हेतराम, हवलदार कामेश्वर सिंह (सेना मेडल सम्मान), नायक हरि सिंह (सेना मेडल सम्मान) को सम्मानित किया गया। साथ ही, ऑपरेशन में बलिदान हुए नायक भूपेंद्र सिंह को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके माता पिता को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और भावनात्मक पलों ने सभी को ओपी हिल 1965 के रणबांकुरों की वीरता और बलिदान की याद दिलाई। संवाद