आयोजन को लेकर चल रहा विवाद पंचायत में हुई बैठक के बाद सुलझा
ग्रामीणाें ने पूर्व पंचायत प्रधान को सौंपी तीन दिवसीय मेले की कमान
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हारगुनैण पंचायत में गलू देवता मेले के आयोजन को लेकर चल रहा विवाद बुधवार को पंचायत में हुई बैठक के बाद सुलझ गया। बैठक में विभिन्न महिला मंडलों की पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से पूर्व पंचायत प्रधान कला देवी की अगुवाई में गठित समिति को तीन दिवसीय मेले के आयोजन की जिम्मेदारी सौंप दी गई। पूर्व उपप्रधान अधिवक्ता सन्नी विष्ठ ने बताया कि मेले से जुड़ी विभिन्न समितियों के पदाधिकारी, पूर्व उपप्रधान कर्म सिंह, अवायर महिला मंडल की प्रधान बंदना शर्मा, नकेहड़ महिला मंडल की प्रधान इंद्रो देवी, युवक मंडल प्रधान जोनी, सचिव प्रताप चौहान सहित विभिन्न वार्डों से आए ग्रामीण इस निर्णय के समर्थन में रहे। विशेष ग्रामसभा में लिए गए निर्णय को सभी ने उचित ठहराते हुए आयोजन का दायित्व पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों की समिति को देने पर सहमति जताई। इससे पहले मंगलवार को नागचला मंदिर में महिला मंडल और युवक मंडलों की मौजूदगी में मेले के आयोजन को लेकर अलग दावेदारी भी सामने आई थी, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो गई थी। अध्यक्ष कला देवी ने जानकारी दी कि 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय गलू देवता मेले का शुभारंभ एसडीएम मनीष चौधरी दोपहर 2 बजे करेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर करेंगे। मेले में दंगल के साथ-साथ महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम और दो स्टार नाइटों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें प्रदेश भर के प्रसिद्ध गायक कलाकार प्रस्तुति देंगे।