जोगिंद्रनगर मेला मैदान में अचानक बिजली कट जाने से मुश्किल में कारोबार
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर के मेला मैदान में कारोबार के लिए प्रदेश भर से आए व्यापारियों को अचानक बिजली कट जाने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण दुकानों में अंधेरा छा गया है, जिससे ग्राहक मोबाइल की रोशनी में खरीदारी करने को मजबूर हैं। अस्थायी दुकानों में सामान की सुरक्षा को लेकर व्यापारियों में चोरी का डर भी बना हुआ है।
बीते दो दिनों से अंधेरे में डूबे मेला मैदान में कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे कई व्यापारियों ने स्थल से पलायन भी शुरू कर दिया है। मंगलवार शाम को अंधेरे में खरीदारी के दौरान कुछ ग्राहक अनियंत्रित होकर गिर भी पड़े। कीचड़ और पत्थरों से भरे रास्तों में शाम के समय आवाजाही और भी मुश्किल हो गई है।
बुधवार दोपहर तक सूर्य की रोशनी में कुछ हद तक कारोबार सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन बिजली पर निर्भर दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। देर शाम होते ही मेला मैदान फिर से अंधेरे में डूब गया और वहां सन्नाटा पसर गया। मेले में खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहकों कविता, अजय, बिमला और सुकन्या ने बताया कि मंगलवार शाम अंधेरे के कारण उन्हें दुकानों तक पहुंचने और खरीदारी करने में काफी कठिनाई हुई।
इस संबंध में तहसीलदार रजत सेठी ने कहा कि मेला मैदान में कारोबार प्रभावित होने से स्थिति गंभीर हो गई है। बिजली से जुड़ी समस्याओं का समाधान संबंधित ठेकेदार के माध्यम से जल्द करवाया जाएगा।