19 जून से पहले बिना विलंब शुल्क ले सकते हैं प्रवेश
राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू, छात्रों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में नए शैक्षणिक सत्र 2026- 2027 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 150 विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। यह ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 19 जून तक रहेगी।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सभी आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस बार कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया गया है। इसके तहत छात्रों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की सुविधा मिलती है, अर्थात वे 1 वर्ष, 2 वर्ष, 3 वर्ष या 4 वर्ष की पढ़ाई पूरी करने पर क्रमशः सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, डिग्री या ऑनर्स की डिग्री प्राप्त कर सकते हैं।
इस सत्र में सरकार की ओर कॉलेज में नए विषय शुरू किए गए हैं। उम्मीद है कि इस बार पहले से ज्यादा विद्यार्थी प्रवेश लेगे। कॉलेज प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष 5500 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। इस बार 7000 के करीब विद्यार्थियों की प्रवेश लेने की उम्मीद है।
प्राचार्य संजीव कुमार ने बताया कि एक जून से नए शैक्षणिक सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 19 जून से पहले बिना विलंब शुल्क के प्रवेश ले सकते हैं।