धर्मपुर (मंडी)। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। इस निर्णय का उद्देश्य चुनावों में होने वाले खर्च में कमी लाना और देश को सशक्त बनाना है। पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बार-बार चुनाव कराने की प्रक्रिया से राहत मिलेगी और देश के अरबों रुपये की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि देशहित में लिया गया है और सभी दलों को राजनीति से ऊपर उठकर इसका समर्थन करना चाहिए। महेंद्र सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों की भी सराहना की, विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने को देश का सबसे बड़ा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।