सरकाघाट(मंडी)। सरकाघाट के परूआ गांव के समीप कार खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर घायल हो गया है। जिसे नागरिक अस्पताल सरकाघाट में दाखिल करवाया गया है। सूचना मिलने पर सरकाघाट पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता प्रवीन कुमार निवासी गाहर सरकाघाट ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह परूआ गांव से गुजर रहा था। इस दौरान चंदैश की तरफ से तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी। चालक द्वारा नियंत्रण खो देने से गाड़ी दो मोड़ आगे सड़क से नीचे खाई में लुढ़क गई। कार में दो लोग सवार थे। शिकायतकर्ता ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को मदद के लिए पुकारा। ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाल कर 108 वाहन सेवा की मदद से नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। जिसकी पहचान दयाल सिंह पुत्र दुनी चंद गांव पट्टा डाकघर गाहर सरकाघाट के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति जोगिंद्रपाल पुत्र महंत राम गांव पट्टा गाहर सरकाघाट का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।