करसोग (मंडी)। उपमंडल की ग्राम पंचायत मैहड़ी के शीलधार टिक्करी गांव में रविवार को 6 कमरों के दोमंजिला मकान में आग लग गई। मकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह जल कर राख हो गया। घटना का पता चलने पर स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन प्रचंड आग के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। घटना के दौरान घर का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था।
सभी लोग खेतों में काम करने गए थे। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने मौका करने के बाद पीड़ित परिवार को राशन सहित आवश्यक सामान मुहैया करवाया है। शीलधार टिक्करी निवासी बिहारी लाल के मकान में रविवार सायं अचानक आग लग गई। इससे लकड़ी से बना पूरा घर जल गया। आस पास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके।
मैहड़ी पंचायत के उपप्रधान अनंतराम ने स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। तहसीलदार करसोग राजेंद्र ठाकुर ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित परिवार को खाने की सामग्री सहित कंबल, तिरपाल सहित अन्य राहत दी। उप प्रधान ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति बीपीएल परिवार से संबंधित है। उसे उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। तहसीलदार करसोग राजेंद्र ठाकुर का कहना है कि घटना स्थल पर पहुंच कर आग से हुए नुकसान आकलन किया जा रहा है। संवाद