सरकाघाट (मंडी)। क्षेत्र के टटीह में बीते 18 अप्रैल को पशुपालक की तीन भैंसों की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध वाहन की गतिविधि सामने आई, जिसे आगे आईटीएमएस कैमरों की मदद से ट्रैक किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पंजाब के तलवाड़ा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जबकि उसके दो अन्य साथी अभी तक हाथ नहीं आए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली अशगर (28) निवासी गांव जुरी डाकघर चर्दा तहसील तीसा जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। चोरी हुई भैंसों की बरामदगी अभी बाकी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में नियमानुसार जांच जारी है।