एसडीएम पधर ने अनुश्रवण समिति की बैठक में दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को बाल विकास सेवा के अंतर्गत खंड स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में पूरक पोषाहार कार्यक्रम, पूर्व-शाला शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई। घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा संबंधी प्रावधानों और घरेलू हिंसा अधिनियम, 2005 की जानकारी भी दी गई। बैठक में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
एसडीएम सुरजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने बताया कि बाल विकास परियोजना द्रंग में 10 वृत्तों में संचालित 265 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6 माह से 3 वर्ष तक के 2123 बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 55, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 324 मामले स्वीकृत हुए हैं। बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी द्रंग कुंदन हाजरी, तहसील कल्याण अधिकारी चंदन वीर सिंह, बीडीओ द्रंग विनय चौहान, प्रधानाचार्य पधर स्कूल ललित ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद