राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चच्योट में सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू
संपर्क मार्गों और बावड़ियों की सफाई पर रहेगा जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चच्योट में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ रविवार को सेवानिवृत्त बीपीओ रमेश कौशल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने चच्योट गांव को गोद लेकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
मुख्यातिथि रमेश कौशल ने कहा कि एनएसएस युवाओं के चरित्र निर्माण और राष्ट्र सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से ‘नॉट मी बट यू’ के मूल मंत्र को अपनाकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी सुरेश कुमार और नीलम कुमारी ने बताया कि 15 अक्तूबर तक चलने वाले शिविर में 25 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर के दौरान विद्यालय परिसर का सौंदर्यीकरण, गांव के संपर्क मार्गों और बावड़ियों की सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रधानाचार्य किरण चौधरी ने स्वयंसेवकों से अनुशासन और सेवाभाव के साथ शिविर में भाग लेने का आह्वान किया।