ज्यादातर पुराने भवन समखेतर, भगवाहन, सुहड़ा और थनेहड़ा वार्डों में
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी के शहरी क्षेत्रों में मानसून और संभावित हादसों के खतरे को देखते हुए शहर के विभिन्न वार्डों में जर्जर स्थिति में पहुंच चुके भवनों को गिराने या नियमानुसार पुर्ननिर्माण के लिए भवन मालिकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इनमें कभी भी गिर सकने वाले पुराने भवनों को चिह्नित किया गया है। संबंधित भवन मालिकों को अपने स्तर पर इन मकानों को तोड़ने या नियमानुसार सुरक्षित निर्माण करवाने के आदेश दिए जाएंगे।
शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में करीब 10 से 15 भवन ऐसे पाए गए हैं, जो अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। शहर के समखेतर, भगवाहन, सुहड़ा मोहल्ला और थनेहड़ा मोहल्ला जैसे घनी आबादी वाले वार्डों में यह समस्या सबसे अधिक गंभीर है। यहां मकान पास-पास स्थित हैं। भारी बारिश या किसी दुर्घटना की स्थिति में यदि जर्जर मकान का कोई हिस्सा गिरता है तो इससे न केवल आसपास के घरों को भारी नुकसान पहुंचेगा बल्कि राहगीरों की जान को भी खतरा बना रहेगा।
नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत जनसुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए निगम प्रशासन को ऐसे असुरक्षित और खतरनाक ढांचागत निर्माणों पर कार्रवाई करने और नोटिस जारी करने का अधिकार प्राप्त है। प्रथम चरण में भवन मालिकों को चेतावनी और निर्देश जारी कर भविष्य में होने वाले बड़े नुकसान को रोकने का प्रयास किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में कई ऐसे पुराने भवन हैं जो ढहने की कगार पर हैं। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे भवन मालिकों से अपील की जाएगी कि वे स्वयं आगे आकर इन असुरक्षित ढांचों को गिराएं या नियमानुसार इनका निर्माण करवाएं। -सुमन ठाकुर, महापौर, नगर निगम मंडी