सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद सुंदरनगर में मनोनीत कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने विकास कार्यों में धांधली के आरोप लगाए हैं। पार्षद सोम कुमार, रवि शंकर, राजेश शर्मा, विनोद सोनी, राम सिंह सहित अन्य का कहना है कि जब हाउस में सवाल उठाए गए तब नगर परिषद अध्यक्ष की ओर से उन्हें कोई संतुष्ट जवाब नहीं दिया गया।
इसकी शिकायत उन्होंने सरकार और विजिलेंस से कर दी है। जांच चल रही है, जल्द सच सामने आएगा। आरोप लगाया कि सुंदरनगर शहर के लोगों से लिए जाने वाले टैक्स के पैसे का नगर परिषद दुरुपयोग कर रही है। वार्ड नंबर एक, तीन और पांच में कई ऐसे कार्य करवाए गए हैं जो पहले ही हो चुके थे। अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि जनता की सेवा पांच साल तक निष्पक्ष भाव से की है। वह किसी भी तरह की जांच से घबराते नहीं हैं। संवाद