सुंदरनगर का संक्रमित व्यक्ति स्वस्थ
सरकाघाट के मरीज की हालत में भी सुधार
संवाद न्यू एजेंसी
मंडी। जिले में स्वाइन फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। सुंदरनगर में होम आइसोलेशन में रखा गया व्यक्ति अब स्वस्थ हो गया है। वहीं, सरकाघाट का संक्रमित व्यक्ति भी स्वास्थ्य लाभ कर रहा है और फिलहाल खरड़ स्थित अपने क्वार्टर में आइसोलेशन में है।
स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर संबंधित क्षेत्रों में नजर बनाए हुए है। विभागीय टीमें लोगों को स्वाइन फ्लू से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दे रही हैं। सुंदरनगर खंड में स्वाइन फ्लू से बचाव और उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों के साथ मास्क आदि की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नए संक्रमित मरीज सामने नहीं आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. अशोक चौहान ने लोगों से एहतियात बरतने और फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है।